Hero Image

अजय सिंह शेखावत: 9 वर्ष की उम्र में छोड़ा घर, ओलंपिक जीत की राह पकड़ी

 

पचलंगी. झुंझुनूं जिले के छोटे से गांव खुडोत में जन्मे अजय सिंह शेखावत ने 9 वर्ष की उम्र में वेटलिफ्टिंग खेल को चुनकर देश के लिए ओलंपिक में जाने की राह चुनी। उस राह पर वह लगातार आगे बढ़ रहा है। खास बात यह है कि 21 राजपूताना राइफल्स ने अजय सिंह की सफलता को देखते हुए बतौर जूनियर कमीशन अधिकारी के तौर पर नियुक्ति दी। अजय सिंह आर्मी सर्विसेज की तरफ से खेलते हुए और देश को अनेकों मेडल दिला रहे हैं।

अजय का 9 साल की उम्र में कैच देम यंग स्कीम के तहत चयन हुआ। तब से वह घर से बाहर रहकर दिन-रात मेहनत कर रहा है। उसने देश को कई मेडल दिलाए हैं। अंतर्राष्ट्रीय वेटलिफ्टिंग खिलाड़ी अजय सिंह ने बताया कि कई बार खेल के दौरान चोटिल हुआ लेकिन हार नहीं मानी। चोट लगने के कारण एक वर्ष तक वह खेल से बाहर भी रहा लेकिन सही होते ही फिर से खेलने लग गया। यहां तक कि बहन की शादी के दिन भी वह विदेश में खेल कर स्वर्ण पदक जीतकर लाया और बहन को शादी का उपहार दिया।


राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जीते 58 पदक

वेटलिफ्टिंग झुंझुनूं जिला कोच सुरेश कुमार ने बताया कि अजय सिंह ने वेट लिफ्टिंग खेल में बेहतर प्रदर्शन करते हुए अब तक कुल 58 पदक प्राप्त किए हैं। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर 11 स्वर्ण पदक, दो रजत पदक व एक कांस्य पदक जीता। वहीं राष्ट्रीय स्तर पर 14 स्वर्ण पदक, दो रजत पदक व एक कांस्य पदक जीता। आर्मी के सर्विसेज टूर्नामेंट में 9 स्वर्ण पदक, दो रजत पदक एक कांस्य पदक और राज्य स्तर पर 15 स्वर्ण पदक जीते हैं। अजय सिंह के जज्बे और सफलता को देखते हुए राजस्थान के कई खिलाड़ियों ने अजय सिंह को अपना प्रेरणा स्रोत मानते हुए भारोत्तोलन खेल में अपना भविष्य देखते हुए खेल को चुना है।

338 किलो वजन उठाकर बनाया रेकॉर्ड

न्यूजीलैंड कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में अजय सिंह ने 81 किलो भार वर्ग में स्नैच में 148 किलो और क्लीन एंड जर्क में 190 किलो कुल 338 किलो वजन उठाकर रेकॉर्ड बनाया और गोल्ड मेडल जीता।

अजय को महाराणा प्रताप अवार्ड व माता को वीर जीजाबाई पुरस्कार

अजय सिंह को 2017 में राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ खेल पुरस्कार महाराणा प्रताप अवार्ड से सम्मानित भी किया गया। वहीं अजय सिंह की माता उम्मेद कंवर को बेटे के द्वारा खेल क्षेत्र में भारत का नाम रोशन करने पर क्रीड़ा भारती द्वारा वीर जीजाबाई पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।

ओलंपिक का लक्ष्य भेदने के लिए कर रहे हैं तैयारी

अजय सिंह शेखावत वर्तमान में आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट संस्थान पुणे में कर्नल देवराज गिल तथा कोच के मार्गदर्शन में आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए प्रशिक्षण ले रहे हैं।

Read More

READ ON APP